विद्या के बारे में सर्वप्रथम मैंने बात की : माधुरी

विद्या के बारे में सर्वप्रथम मैंने बात की : माधुरी
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित जहां एक बेहतरीन नृत्यांगना और अभिनेत्री हैं, वहीं वह अभिनेत्री विद्या बालन जैसी दूसरी प्रतिभाओं की तारीफ भी करने में पीछे नहीं रहतीं।

फिल्म 'डेढ़ इश्किया' में विद्या की जगह लेने वाली माधुरी कहती हैं कि उन्हें न सिर्फ विद्या का काम पसंद है बल्कि वह पहली शख्स हैं, जिन्होंने विद्या की प्रतिभा के बारे में बात की थी।

अभिषेक चौबे की फिल्म 'इश्किया' में एक चतुर, कामुक और साजिश रचने वाली महिला का किरदार निभाकर विद्या ने सबको भावविभोर कर दिया था।

विद्या की तारीफ करते हुए माधुरी कहती हैं, "विद्या बेहद खूबसूरत हैं। वह एक बहुत प्यारी अभिनेत्री हैं। मैंने सिर्फ 'इश्किया' में उन्हें पसंद नहीं किया, बल्कि मुझे उनकी पहली फिल्म 'परिणीता' भी बेहद पसंद आई थी।"

उन्होंने कहा, "मैं पहली शख्स थी, जिसने उनके बारे में एक साक्षात्कार में कहा था कि वह एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं। उनकी 'डर्टी पिक्च र' और 'कहानी' भी मुझे काफी पसंद आई। वह बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं।"

फिल्म 'डेढ़ इश्किया' आगामी 10 जनवरी को प्रदर्शित हो रही है। माधुरी फिल्म में बिल्कुल ही अलग अवतार में दर्शकों के सामने आने वाली हैं। अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी फिल्म में नसीरूद्दीन शाह, अरशद वारसी और हुमा कुरैशी ने भी काम किया है।

End of content

No more pages to load