असद की भूमिका को लेकर घबराहट थी : राकेश

असद की भूमिका को लेकर घबराहट थी : राकेश
टीवी अभिनेता राकेश वशिष्ठ धारावाहिक 'कबूल है' में असद के किरदार को लेकर बेहद घबराए हुए हैं और उन्होंने दर्शकों से अपील की है कि दर्शक उन्हें एक मौका जरूर दें। हाल ही में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर की जगह 'कबूल है' में असद के किरदार के लिए राकेश वशिष्ठ को लिया गया है।

राकेश ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैं असद का किरदार निभाने को लेकर बेहद घबराया हुआ हूं। मैं चिंतित भी हूं और साथ ही रोमांचित भी। दर्शक परेशान हैं कि करण अब धारावाहिक में नहीं दिखाई देगा। मैं चाहता हूं कि दर्शक मुझे एक मौका दें, मैं वादा करता हूं कि मैं ज्यादा बेहतर तरीके से असद को पर्दे पर पेश करूंगा।"

राकेश वशिष्ठ रियलिटी शो 'नच बलिए' एवं 'होंगे जुदा न हम' और 'सात फेरे' जैसे टीवी धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं। राकेश कहते हैं कि वह धारावाहिक में अलग ही अंदाज में नजर आना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, "मैं किसी का अनुसरण नहीं करना चाहता। मैं अपने तरीके से धारावाहिक में आना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि यह धारावाहिक बेहद लोकप्रिय हो, मैं इसे एक नए स्तर पर ले जाना चाहता हूं।"

End of content

No more pages to load