ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान अपनी मातृभाषा तमिल के साथ ही हिदी में भी कई गीत गा चुके हैं लेकिन अब उन्होंने पंजाबी में पहला गीत 'माही वे' गाया है। यह गीत उन्होंने इम्तियाज अली की फिल्म 'हाईवे' के लिए गाया। उन्होंने कहा कि पंजाबी में गाना हिंदी से ज्यादा आसान था। रहमान ने यहां एक आयोजन में पत्रकारों से कहा, "मैंने पहली बार पंजाबी में गाया, मगर किसी ने मुझे बधाई नहीं दी।"
उन्हें तमिल में 'ओरुवन ओरुवन' (मुथ्थू), 'संदाकोझी' (आयथा एझुतू) और 'अथिरादी' (शिवाजी) जैसे गीतों के लिए जाना जाता है। हिंदी में वह 'हम्मा हम्मा' और 'ख्वाजा मेरे ख्वाजा' सरीखे गीत गा चुके हैं।
आप किसी भाषा पर पकड़ कैसे बना लेते हैं? इस सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं हर भाषा का प्रशंसक हूं। मैं पिछले 25 वर्षो से नुसरत फतेह अली खान साहब के गीत सुनता आ रहा हूं, इसलिए भाषा के प्रति आकर्षण था।"
आलिया भट्ट और रणदीप हुड्डा अभिनीत 'हाईवे' 21 फरवरी को प्रदर्शित होगी।
पंजाबी में गाने पर नहीं मिली बधाई : रहमान
-
Tuesday, January 21, 2014


