वरुण को कॉमेडी की अच्छी समझ : सिद्धार्थ

वरुण को कॉमेडी की अच्छी समझ : सिद्धार्थ
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अभिनेता वरुण धवन की आगामी फिल्म 'मैं तेरा हीरो' की झलकियों की तारीफ की। वह कहते हैं कि 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के उनके सह-अभिनेता वरुण जैसी कॉमेडी कर सकते हैं, वैसी वह नहीं कर सकते। यहां बुधवार को फिल्म 'हंसी तो फंसी' की मोबाइल एप्लीकेशन के लांच के मौके पर 29 वर्षीय सिद्धार्थ ने कहा, "मैंने 'मैं तेरा हीरो' के ट्रेलर देखे। यही नहीं, जिस दिन ट्रेलर जारी हुए मैंने वरुण को फोन भी किया। यह बहुत मनोरंजक है। वरुण को सही समय पर सही कॉमेडी करने की समझ आ गई है।"

उन्होंने कहा, "वह जिस किस्म की कॉमेडी कर रहे हैं, मैं तो वैसी कर भी नहीं सकता। उनकी शैली अनोखी है। मैं उन्हें शुभकामना देता हूं। मेरे ख्याल से यह फिल्म मजेदार होगी।"

सिद्धार्थ की 'हंसी तो फंसी' 7 फरवरी को प्रदर्शित होनी है। इसमें उनके साथ अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा भी हैं।

'मैं तेरा हीरो' का निर्देशन वरुण धवन के पिता डेविड धवन ने किया है। इसमें अभिनेत्री इलियाना डीक्रूज और नरगिस फाकरी प्रमुख नायिका भूमिकाओं में हैं।

End of content

No more pages to load