मां होना सबसे सुखद : शिल्पा

मां होना सबसे सुखद : शिल्पा
बॉलीवुड अदाकारा शिल्पा शेट्टी दो दशकों से ज्यादा समय से मनोरंजन जगत का हिस्सा हैं, लेकिन अभी भी परिवार ही उनकी वरीयता है। अपने डेढ़ साल के बेटे विवान की मां की भूमिका निभाने में शिल्पा को सबसे ज्यादा आनंद आता है। वर्तमान में निर्माता साजिद खान और नृत्य निर्देशक टेरेंस लेविस के साथ सेलिब्रिटी डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 6' में निर्णायक की भूमिका निभा रहीं शिल्पा ने बताया कि शो की शूटिंग के दौरान भी वह हमेशा अपने बेटे के बारे में सोचती रहती हैं।

2009 में व्यवसायी राज कुंद्रा से शादी करने वाली शिल्पा ने कहा, "मां होना मेरे सबसे करीब है। यहां तक कि जब मैं सेट पर होती हूं, तब भी मां होती हूं और अपने बेटे के बारे में पता करती रहती हूं।"

'नच बलिए 6' का यह सत्र समाप्त होने की कगार पर है इसलिए शिल्पा रोमांचित हैं कि वह अपने बेटे को पूरा समय दे पाएंगी।

उन्होंने कहा, "सत्र खत्म होते ही मैं पूर्णकालिक मां बन जाऊंगी और अपने बेटे के साथ ज्यादा समय बिताऊंगी। "

शिल्पा ने 'बाजीगर', 'धड़कन', 'रिश्ते' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद अपने अभिनय करियर को गौण कर दिया। लेकिन वह खुश हैं कि उनके प्रशंसकों ने उन्हें अभी भी याद रखा है। उन्होंने कहा, "मैं अभी भी दर्शकों के बीच हूं और खुश हूं कि वे मुझे ढेर सारा प्यार देते हैं। इस समय मैं अपने बेटे की मां की भूमिका का आनंद ले रही हूं। यह मेरी जिंदगी की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।"

शिल्पा बतौर निर्मात्री पहली फिल्म 'दिशकियों' बना रही हैं। वह इसे बेहतर बनाने की कोशिश में लगी हैं।

बेहतरीन नर्तकी शिल्पा के नृत्य की झलक 'नज बलिए' में अक्सर दिख जाती है। उन्होंने बताया कि किसी ने कभी उनसे अपने पति के साथ नृत्य करने को नहीं कहा।

उन्होंने कहा, "हमने सिर्फ अपनी शादी के संगीत में साथ नृत्य किया था।"

'नच बलिए' के बारे में उन्होंनें कहा, "फिनाले वास्तव में रोमांचक होगा। निर्णायक होने के नाते हमें भी नहीं पता कि कौन जीतेगा।"

'नच बलिए 6' के फिनाले में शिल्पा अपनी नृत्य प्रस्तुति भी देंगी।

End of content

No more pages to load