'दीया और बाती' के लिए शाहरुख की फिल्म देखी : कीथ

'दीया और बाती' के लिए शाहरुख की फिल्म देखी : कीथ
अभिनेता कीथ सेक्युरिया टेलीविजन कार्यक्रम 'दीया और बाती हम' में अतिथि भूमिका निभाएंगे। वह कहते हैं कि कार्यक्रम में पुलिस अकादमी के प्रशिक्षक की भूमिका निभाने के लिए उन्होंने फिल्म 'चक दे इंडिया' में शाहरुख खान की भूमिका देखी। कीथ ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, "मैंने 'चक दे इंडिया' में शाहरुख खान को देखा..यह उनकी प्रेरित करने वाली प्रस्तुतियों में से एक थी। वह फिल्म में जब लड़कियों को संबोधित करते तो उनकी आंखों में हमेशा एक जुनून और प्रबलता होती..यह कुछ ऐसा था जिसका मैंने सच में आनंद लिया।"

अपनी भूमिका के बारे में उन्होंने कहा कि यह अपने विद्यार्थियों को प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करने के बारे में है।

उन्होंने कहा, "मेरी भूमिका एक शिक्षक और उसकी अपने विद्यार्थियों के साथ बनते समीकरण की है। मैं पुलिस अधिकारी बनने का सपना लेकर आए इन युवा बच्चों को प्रशिक्षण देता हूं।"

मूलरूप से दिल्ली के रहने वाले कीथ रंगमंच का हिस्सा रह चुके हैं। वह कहते हैं कि अभिनय में संयोगवश आ गए।

End of content

No more pages to load