परिवार का साथ बहुत जरूरी : श्याम यादव

परिवार का साथ बहुत जरूरी : श्याम यादव
रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस सीजन 4' के विजेता श्याम यादव कहते हैं कि इस किस्म की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालों के लिए परिवार का साथ बहुत मायने रखता है। श्याम ने मुंबई से एक टेलीफोनिक साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया, "मुझे वास्तव में लगता है कि इस तरह के शो में भाग लेने वालों के लिए परिवार का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है। अगर आपका परिवार आपके साथ खड़ा है तो आप कुछ भी कर सकते हैं लेकिन अगर ऐसा नहीं है तो चीजें मुश्किल हो जाती हैं।"

17 वर्षीय श्याम शनिवार को शो के विजेता के रूप में अपने साथ 'सुनहरी तकदीर की टोपी' लेकर घर गए। श्याम ने एक चमचमाती मारुति सेलेरियो कार भी जीती। उन्होंने जी टीवी के साथ तीन साल का एक करार भी किया है।

उन्होंने कहा कि हालांकि, जीतने की उम्मीद नहीं की थी लेकिन मन में यह भावना थी कि जीतने की संभावनाएं हैं।

श्याम ने कहा, "मैंने यह उम्मीद नहीं की थी कि शो जीत जाऊंगा, लेकिन जब शीर्ष 18 में चयनित हुआ तो जानता था कि प्रबल संभावनाएं हैं। इसलिए मैंने अभ्यास पर और अधिक समय देना शुरू कर दिया। मैंने अपना 100 प्रतिशत दिया और इसका फल मिल गया।"

मुंबई निवासी श्याम बॉलीवुड में एक नृत्यनिर्देशक बनना चाहते हैं। वे अभिनय में भी हाथ आजमाना चाहते हैं।

End of content

No more pages to load