'मैरी कॉम' फिल्म में महिला मुक्केबाज एम.सी. मैरी कॉम की भूमिका निभा चुकीं प्रियंका चोपड़ा बुधवार को 17वें एशियाई खेलों में मैरी के फ्लाईवेट वर्ग (48-51किलोग्राम) में स्वर्ण पदक जीतने से बेहद खुश हैं। प्रियंका कहती हैं कि यह नारी शक्ति का प्रतीक है।
अपने वर्ग में विश्व की पांचवीं वरीय मुक्केबाज मैरी कॉम ने बुधवार को कजाकिस्तान की झाएना शेकेरबोकेवा को 2-0 से हराया।राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता प्रियंका ने उन्हें इस उपलब्धि पर बुधवार को माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर बधाई दी।
उन्होंने मेरी कॉम की जीत के तुरंत बाद लिखा, "हां!!!! इसे कहते हैं नारी शक्ति! मैरी कॉम ने स्वर्ण जीता। भारत को गौरवान्वित किया और हमें दिखाया कि वह कुछ भी हासिल कर सकती हैं। तीन बच्चों की मम्मी। चैंपियन। आप पर बहुत गर्व है। आप एक सच्ची चैंपियन हैं। मेरी शेरो! मैरी कॉम अजेय व अटूट रहो।"
मैरी की जीत नारी शक्ति का प्रतीक: प्रियंका
-
Thursday, October 02, 2014


