सुशांत के साथ काम करना अच्छा होगा: अंकिता

सुशांत के साथ काम करना अच्छा होगा: अंकिता
मशहूर टेलीविजन धारावाहिक 'पवित्र रिश्ता' में मुख्य भूमिका निभा चुकीं अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के पास फिलहाल कोई खास भावी योजना नहीं है। हालांकि वह कहती हैं कि अपने रील और रियल जिंदगी के प्रेमी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ एक फिल्म करना अच्छा होगा।

धारावाहिक खत्म होने के साथ ही अंकिता का 'पवित्र रिश्ता' से साढ़े पांच साल का रिश्ता भी खत्म हो गया है। फिलहाल उनकी किसी अन्य धारावाहिक में काम करने की योजना नहीं है।

अंकिता ने कहा, "मुझे बालाजी टेलीफिल्म्स से बहुत प्यार मिला है। एकता कपूर मैम ने मुझे बिगाड़ दिया है। मैंने कभी किसी अन्य टेलीविजन कंपनी के साथ काम नहीं किया और हैरान हूं कि यह कैसे होगा।"

अंकिता फिलहाल अपने अभिनेता प्रेमी सुशांत के साथ फिल्म करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "मुझे धारावाहिक करने के अच्छे प्रस्ताव मिल रहे हैं। लेकिन मैं अपने करियर के इस पड़ाव पर अन्य धारावाहिक करने को लेकर बहुत सुनिश्चित नहीं हूं। सुशांत के साथ एक फिल्म करना सर्वाधिक उपयुक्त होगा। मैंने उनसे ऐसा करने के लिए कहा है। वह ऐसा करेंगे। वह मुझसे इतना प्यार करते हैं कि किसी चीज के लिए 'ना' नहीं कहते।"

अंकिता ने ऐसे कामों की भी सूची बनाई है, जिन्हें वह करना चाहती हैं। उन्होंने कहा, "मुझे कभी जिम में व्यायाम करने का समय नहीं मिला। इसलिए मैं उसे संजीदगी से करना चाहती हूं। मैं हमेशा से तैराकी करना और बैडमिंटन खेलना चाहती थी। मैं यह भी करूंगी।"

सुशांत के साथ शादी की क्या योजना है? जवाब में अंकिता ने कहा, "फिलहाल कोई योजना नहीं है, हालांकि मैंने उन्हें धमकी दी है कि बेहतर होगा कि अगले साल मुझसे शादी कर लें, वरना मैं आपसे शादी नहीं करूंगी। लेकिन सच में वह बहुत प्यारे हैं। वह मुझे वास्तव में खुश रखते हैं। मैं खुशकिस्मत हूं कि वह मुझे मिले। हम दोनों को शादी करने के लिए एक माह की छुट्टी लेने की जरूरत है। वह उस तरह का समय निकालने के लिहाज से फिलहाल बहुत व्यस्त हैं।"

End of content

No more pages to load