अपने लिंक-अप्स की अफवाहों को लेकर चर्चा में रहने वाले अभिनेता रणवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में अब तक किसी को धोखा नहीं दिया है। रणवीर कहते हैं, "असल में अपनी जिंदगी में मैंने किसी को धोखा नहीं दिया है। अब तक मैंने केवल धोखा खाया ही है।"
रणवीर अपनी आने वाली फिल्म 'किल दिल' के गाने 'नखरीले' की लॉन्चिंग पर यश राज स्टूडियो में मौजूद थे। शाद अली निर्देशित यह फिल्म 14 नवंबर को रिलीज हो रही है। इत्तेफाकन, रणवीर की फिल्म राम-लीला भी पिछले साल नवंबर में ही रिलीज हुई थी और काफी पसंद की गई थी।
इस पर रणवीर कहते हैं कि फिल्म की रिलीज डेट वह नहीं तय करते हैं। मैं केवल एक अभिनेता के तौर पर पूरी मेहनत करता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि किल दिल भी उसी तरह पसंद की जाए, जिस तरह दर्शकों ने राम-लीला को पसंद किया था। इस फिल्म में उनके साथ गोविंदा और परिणीति चोपड़ा हैं।
रणवीर कहते हैं कि उनके हीरो बनने के पीछे सबसे बड़ी वजह गोविंदा हैं। रणवीर ने कहा, "बचपन से मैं उनकी (गोविंदा) फिल्में और डांस मूव्स देख रहा हूं, तो मैं आज गर्व से कह सकता हूं कि मैं यहां पर केवल उन्हीं की वजह से हूं। मेरे हिसाब से मैं गोविंदा का सबसे बड़ा फैन हूं।"
अब तक केवल मैंने धोखा खाया ही है: रणवीर सिंह
-
Saturday, November 01, 2014


