बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अब तक सिद्धार्थ मल्होत्रा, वरुण धवन और अर्जुन कपूर जैसे अपनी पीढ़ी के अभिनेताओं के साथ फिल्में की हैं। वह अब धीरे-धीरे अपनी से बड़ी पीढ़ी के अभिनेताओं का रुख कर रही हैं।
आलिया की अगली फिल्म शाहिद कपूर और रणबीर कपूर के साथ हैं। वह सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी काम करेंगी। इस फिल्म के बारे में आलिया चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने हालांकि, अयान मुखर्जी की अगली फिल्म में अपने दोस्त रणबीर कपूर के साथ काम करने की बात खुशी-खुशी बताई।
आलिया ने कहा, "वर्ष 2014 में मेरी तीन फिल्में रिलीज हुई थीं। मैं फिलहाल 'शानदार' की शूटिंग कर रही हूं। इसके अलावा, अयान के निर्देशन में बन रही फिल्म का हिस्सा हूं, जिसमें मैं रणबीर के साथ मुख्य भूमिका में हूं।"
'शानदार' में वह शाहिद कपूर के साथ काम कर रही हैं, जिनकी वह तारीफ करते नहीं थकतीं। आलिया ने शाहिद की तारीफ में कहा, "वह बहुत ही बिंदास बंदे हैं। वह फिल्मोद्योग में कई वर्षो से हैं। वह पूरी तरह से पेशेवर हैं। मुझे उनके साथ काम करके मजा आया।"
आलिया जल्द ही खान-शाहरुख, सलमान और आमिर के साथ फिल्में करेंगी? इसके जवाब में आलिया ने हंसते हुए कहा, "मैं उम्मीद करती हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं उन सबके साथ काम करना चाहती हूं। अलग-अलग सह-कलाकारों के साथ नजर आना बहुत जरूरी है। मैंने अब तक हमउम्र अभिनेताओं के साथ काम किया है। इसलिए उनके साथ काम करने में यकीनन एक सहजता होती है, लेकिन ऐसा नहीं है कि शाहिद किसी भी तरह वरुण, अर्जुन या सिद्धार्थ से अलग हैं।"
शाहिद बहुत ही बिंदास बन्दे हैं: आलिया भट्ट
-
Saturday, December 06, 2014


