जल्द एक दूजे के हो जाएंगे पायल, संग्राम

जल्द एक दूजे के हो जाएंगे पायल, संग्राम
संग्राम सिंह और उनकी प्रेमिका अभिनेत्री पायल रोहतगी साल के अंत तक या नए साल की शुरुआत में विवाह के बंधन में बंध जाएंगे।

संग्राम और पायल की सगाई हो चुकी है। पेशे से कुश्तीबाज संग्राम कहते हैं कि उन्हें लोगों ने कहा कि पायल उनके लिए सही जीवनसाथी नहीं हैं, लेकिन वह पायल को लेकर जीवन का फैसला कर चुके हैं और उनके साथ खुश हैं।

नर्म लहजे वाले खिलाड़ी संग्राम ने कहा, "पायल और मैं तीन साल से साथ हैं और हम एक दूसरे की भावनाओं को बहुत अच्छी तरह से समझते हैं। मैं जिस पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखता हूं, वह मुझे इस बात की इजाजत नहीं देता कि बिना विवाह किए किसी महिला के साथ रहूं।"

संग्राम को पायल के घरवालों की भी चिंता है। गुरुवार को महाशिवरात्री पर्व के शुभ अवसर पर संग्राम और पायल ने अहमदाबाद में सगाई की। पायल का परिवार अहमदाबाद में रहता है।

संग्राम ने कहा, "हमने बेहद सादे समारोह में एक मंदिर में जाकर एक दूसरे को अंगूठी पहनाई और अपने रिश्ते में एक और कदम आगे बढ़ाया। सगाई में सिर्फ हमारे करीबी रिश्तेदार शामिल थे।"

संग्राम ने कहा कि हमारा इरादा इस साल सर्दियों में शादी करने का है। उन्होंने कहा, "नवम्बर 2014 से लेकर 2015 में जनवरी के बीच किसी भी समय हम शादी कर सकते हैं। मैं पायल से शादी करने की बात से बेहद खुश हूं। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि पायल मेरी जिंदगी का हिस्सा है।"

संग्राम ने कहा, "लोग मुझसे कहते हैं कि पायल मेरे लिए सही जीवनसाथी नहीं है, पर मुझे एक बात बताइये कि हम सब लोग सीता जैसी किसी महिला की चाहत क्यों रखते हैं, जबकि हममे से कोई भी राम जैसा नहीं है।"

पायल और संग्राम रिएलिटी टीवी शो 'सर्वाइवर इंडिया' में पहली बार एक दूसरे से मिले थे और तब से साथ हैं।

End of content

No more pages to load