जिन्होंने आदर्श गृहिणी बन शोहरत को किया दरकिनार

जिन्होंने आदर्श गृहिणी बन शोहरत को किया दरकिनार
अभिनेत्रियां हॉलीवुड की हों या बॉलीवुड की, सफलता और शोहरत की बुलंदिया पाने के लिए जी जान लगा देती हैं। लेकिन एक बार शादी और बच्चे होने के बाद वे मां की भूमिका निभाने को प्राथमिकता देती हैं और कहती हैं कि न महत्वपूर्ण भूमिकाएं और न कुछ और ही उन्हें इस मोर्चे से डिगा सकता है। आईएएनएस ने कुछ ऐसी ही स्टार मम्मियों की सूची बनाई है, जो अब अपनी गृहस्थी और बच्चों के सुख का खुशी-खुशी आनंद ले रही हैं।

हॉलीवुड :

जूलिया रोबर्ट्स : ऑस्कर विजेता अभिनेत्री को जुड़वा बच्चे हैजल और पिनान्यूस (9) और छह वर्षीय हेनरी है। वे कहती हैं कि साल में एक फिल्म करना ठीक है क्योंकि उनके बच्चों को अभी भी उनकी देखरेख की जरूरत है। वह आखिरी बार ऑस्कर के लिए नामांकित फिल्म 'अगस्त : ओसेज कंट्री' (2013) में नजर आई थीं।

कैट विंसलेट : मशहूर फिल्म 'टाइटेनिक' में अभिनय कर चुकीं विंसलेट को तीन बच्चे हैं और उन्होंने गर्भावस्था के बाद वजन घटाने के लिए जिम में पसीना बहाने की बजाय बच्चों संग समय बिताने को चुना। पिछले साल अपने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली अभिनेत्री ने कहा कि वह वजन घटाने पर ध्यान देने की बजाय तंदुरुस्त रहना चाहती हैं और अपने बच्चों के पास रहना चाहती हैं।

बॉलीवुड :

काजोल : वर्ष 2003 में बेटी को जन्म देने के बाद से ही रुपहले पर्दे पर काजोल की उपस्थिति कम हो गई। काजोल को एक बेटा भी है। उन्होंने हाल में एक साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया कि वह काम पर जाने के लिए अपने बच्चों को नजरअंदाज नहीं कर सकती। उन्हें लगता है कि उनके बच्चों को उनकी देखभाल की जरूरत है।

करिश्मा कपूर : करिश्मा ने वर्ष 2005 में मां बनने के बाद बड़े पर्दे से दूरी बढ़ानी शुरू कर दी थी और उन्हें इसका मलाल नहीं है। उन्होंने आखिरी बार फिल्म 'डेंजरस इश्क' (2012) में अभिनय किया, लेकिन फिल्म चली नहीं। उन्हें समायरा और कियान नाम से दो बच्चे हैं। करिश्मा महिलाओं पर एक किताब भी लिख चुकी हैं। वह जोर देती हैं कि उनकी पहली प्राथमिकता हमेशा उनके बच्चे रहेंगे।

End of content

No more pages to load