अपनी फिल्म की रिलीज के दौरान हीरो-हिरोइन आखिरी समय तक प्रमोशन करते हैं। लेकिन खबर है कि करीना कपूर अपनी 15 अगस्त को रिलीज हो रही फिल्म 'सिंघम रिटर्न्स' की रिलीज के दौरान मुंबई में मौजूद नहीं रहेंगी। दरअसल, उनके पति सैफ अली खान आने वाले 16 अगस्त को 44 साल के हो रहे हैं, इसलिए उनका बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए करीना फिल्म रिलीज से एक दिन पहले ही एक हफ्ते के हॉलिडे पर सैफ के साथ लंदन जा रही हैं। इस बारे में बात करने पर करीना ने बताया, "सैफ का बर्थडे 16 अगस्त को है। मैंने उनके लिए लंदन में पार्टी प्लान की है, जहां उनके ढेर सारे दोस्त हैं।"
लंदन में एक हफ्ते के हॉलिडे से लौटने के बाद दोनों इटली के लिए निकल जाएंगे। करीना ने बताया, "अगर इटली का फाइनल नहीं हो पाया, तो हम लोग फ्रांस जाएंगे। सैफ और मुझे साथ वक्त बिताना बेहद पसंद है। वैसे भी हम काफी दिनों से साथ में कहीं बाहर नहीं गए।"
हालांकि करीना के लिए यह हॉलिडे वर्क फ्री नहीं होगा। दरअसल, वह अपने साथ तीन डायरेक्टर्स की स्क्रिप्ट लेकर जाएंगी, जिनके साथ उन्होंने अभी तक काम नहीं किया है। बकौल करीना, "सेकंड हॉलिडे से लौटने तक मैं उन तीनों में से एक स्क्रिप्ट को फाइनल कर लूंगी।" इस तरह दोनों ट्रिप इंजॉय करने के बाद सैफ और करीना सितंबर के आखिर तक इंडिया लौटेंगे और तुरंत अपने काम में जुट जाएंगे।
जहां करीना सलमान खान की अगले साल ईद पर रिलीज होने वाली फिल्म 'बजरंगी भाईजान' की शूटिंग शुरू करेंगी, वहीं सैफ अली खान रीमा कागती की फिल्म की शूटिंग करेंगे। इस फिल्म में सैफ के ऑपोज़िट कंगना राणावत होंगी।
करीना ने बताया, "मैंने इससे पहले रीमा के साथ 'तलाश' में काम किया है, जबकि सैफ आजकल कबीर खान के साथ 'फैंटम' को फाइनल कर रहे हैं। दरअसल, फिल्मी दुनिया बहुत छोटी है। हमें दोबारा से उन्हीं लोगों के साथ काम करना होता है।"
सिंघम रिटर्न्स के प्रीमियर पर क्यों नहीं होंगी करीना?
-
Saturday, August 09, 2014



