बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी का कहना है कि वह हॉलीवुड अभिनेत्री एंजेलिना जॉली के नक्शे कदम पर चलते हुए भविष्य में फिल्म निर्देशन करना चाहती हैं। जिया, गर्ल, इंटरप्टेड, और लारा क्रोफ्ट, टॉम्ब रेडर जैसी सफल फिल्में देने के बाद 39 वर्षीया जॉली ने वर्ष 2011 में 'इन लैंड ऑफ ब्लड एंड हनी' के साथ निर्देशन की शुरुआत की थी।
फिल्म 'एक थी डायन' की अभिनेत्री हुमा उनसे प्रभावित हैं। 28 वर्षीया हुमा ने बताया, "इस समय मैं निर्देशन नहीं कर सकती, शायद 55 वर्ष की अवस्था में मैं निर्देशन करूं। मैं जॉली के रास्ते पर चलूंगी।"
अपने भाई और अभिनेता साकिब सलीम के साथ सह-निर्देशन के सवाल पर हुमा ने कहा, "मेरे भाई के साथ सह-निर्देशन संभव नहीं है। हमारे विचार एकदम अलग हैं। शायद हम दोनों एक साथ फिल्म में अभिनय करें। वह रोमांचक होगा क्योंकि हम दोनों बहुत प्रतिस्पर्धी कलाकार है।"
हुमा इस समय 'बदलापुर' फिल्म पर काम कर रही हैं। फिल्म अगले साल फरवरी में प्रदर्शित होगी।
एंजेलिना जॉली के नक्शे कदम पर चलना चाहती हैं हुमा
-
Thursday, October 16, 2014


