अवेंजर्स की सुपर हीरो फिल्मों में 'थॉर' का किरदार निभाने के लिए मशहूर अभिनेता क्रिस हेम्स्वर्थ, कुछ महीने पहले तक भारत में ही थे अपनी आगामी फिल्म 'ढाका' की शूटिंग के लिए, जिसे अवेंजर्स के निर्माता रुस्सो बदर्स ही प्रोड्यूस कर रहे हैं.
अप्रैल में 'ढाका' की शूटिंग ख़त्म हो गयी थी और क्रिस वापस लौट गए थे, मगर फिल्म के कुछ सीन्स ऐसे निकल कर आये हैं जिनकी शूटिंग दोबारा करने की ज़रूरत आन पड़ी है और इसी कारण क्रिस, दिवाली के बाद, अक्टूबर के अंत में या फिर नवम्बर की शुरुआत में एक बार फिर भारत आने वाले हैं.
सुनने में आ रहा है की फिल्म की शूटिंग लोकेशंस को गुप्त रखने की पूरी कोशिश की जा रही है ताकि क्रिस और फिल्म की टीम को शूटिंग में किसी भी दिक्कत या परेशानी का सामना न करना पड़े. बता दें की 'ढाका' एक एक्शन फिल्म होगी, जिसमें हमें कई बॉलीवुड कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नज़र आने वाले हैं.
सैम हरग्रेव के निर्देशन में बन रही फिल्म 'ढाका' में, क्रिस के साथ ही मनोज बाजपाई, रणदीप हूडा, पंकज त्रिपाठी, डेविड हार्बर और डेरेक ल्युक भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगे. ढाका की रिलीज़ डेट अभी तक फाइनल नहीं हुई है. इससे पहले क्रिस हमें इस साल 'मेन इन ब्लैक: इंटरनैशनल' में नज़र आये थे जिसने बॉक्स ऑफिस पर ठीक - ठाक बिज़नस किया था.
दिवाली के बाद भारत आएँगे 'अवेंजर्स' के 'थॉर', क्रिस हेम्स्वर्थ
Thursday, October 10, 2019 16:20 IST


