Bollywood News


​भंसाली​ और मेरे बीच कलाकार और निर्देशक का खूबसूरत रिश्ता: दीपिका

​फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का कहना है कि फिल्मकार संजय लीला भंसाली के साथ उनका रिश्ता एक 'कलाकार और निर्देशक' के रूप में खूबसूरत और मधुर है।

दीपिका भंसाली की निर्माणाधीन फिल्म 'बाजीराव-मस्तानी' में काम कर रही हैं। इससे पहले वह भंसाली की 'गोलियों की रासलीला-रामलीला' में काम कर चुकी हैं।

हालिया प्रदर्शित फिल्म 'पीकू' के लिए सराही जा रहीं दीपिका ने आईएएनएस को बताया, "मुझे लगता है कि हमारे बीच कलाकार और निर्देशक का एक बेहद खूबसूरत रिश्ता है, क्योंकि उन्हें मुझसे बहुत ज्यादा बात नहीं करनी पड़ती है और न ही मुझे बहुत ज्यादा समझाने की जरूरत पड़ती है। यह आपसी भरोसे पर आधारित एक खूबसूरत रिश्ता है। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे उनके साथ दो फिल्मों में काम करने का मौका मिला।"

दीपिका ने कहा, "फिल्म '..रामलीला' के एक ही साल के अंदर वह 'बाजीराव मस्तानी' के साथ तैयार थे और उन्होंने मस्तानी की भूमिका में मुझे अपनी फिल्म में लिया।"

भंसाली की 'बाजीराव मस्तानी' में रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा भी काम कर रहे हैं।​ दीपिका का कहना है कि यह भंसाली की महत्वकांक्षी फिल्म है, जो मराठा पेशवा बाजीराव और उनकी दूसरी पत्नी मस्तानी के बारे में है।

End of content

No more pages to load