फिल्म निर्देशक उमंग कुमार ने अपनी आने वाली फिल्म 'सरबजीत' में एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए अभिनेत्री ऐश्वर्य राय के साथ करार किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि ऐश्वर्य उस भूमिका के लिए उपयुक्त चुनाव हैं।
उमंग पाकिस्तान की जेल में लंबे समय तक मौत की सजा काटने वाले भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की जीवनी पर यह फिल्म बना रहे हैं। ऐश्वर्य फिल्म में सरबजीत की बहन दलबीर कौर की भूमिका में दिखाई देंगी।
उमंग ने आईएएनएस को बताया कि जब उन्होंने ऐश्वर्य को फिल्म की कहानी सुनाई और उनके किरदार के बारे में बताया, तो पहले तो वह भावुक हो गईं फिर तुरंत फिल्म के लिए हां कह दिया।
उमंग ने कहा, "वह एक बेहतरीन कलाकार हैं और इस किरदार के साथ न्याय कर सकती हैं।"
इससे पहले ऐश्वर्य 'प्रोवोक्ड' और 'गुजारिश' जैसी फिल्मों में गंभीर भूमिकाएं कर चुकी हैं। फिल्म निर्माता संदीप सिंह ने कहा कि ऐश्वर्य इस सशक्त किरदार के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।
उन्होंने कहा, "उन्होंने (ऐश्वर्य) अपनी सभी फिल्मों में शानदार प्रदर्शन किया है और हमें विश्वास है कि इस किरदार के साथ भी वह न्याय करेंगी।"
उन्हें यकीन है कि यह फिल्म दुनियाभर में अपने दर्शकों पर खासकर युवाओं पर प्रभाव डालेगी।
दलबीर कौर के किरदार के लिए सबसे सही चुनाव हैं ऐश्वर्य राय: उमंग
Monday, June 08, 2015 19:30 IST


