Bollywood News


हमने नहीं दिया धोखा: करिश्मा-उपेन

टेलीविजन कलाकार और 'नच बलिए' में 'रियलिटी कपल' के नाम से मशहूर करिश्मा तन्ना और उपेन पटेल ने पोलीग्राफी परीक्षण में धोखा देने के आरोपों को खारिज किया है, जो इस कार्यक्रम का हिस्सा है।

स्टार प्लस पर प्रसारित 'नच बलिए 7' के 'सच बलिए लव चैलेंज' में हिस्सा लेने वाली जोड़ी के एक पार्टनर को पोलीग्राफी जांच से गुजरना होता है। लेकिन करिश्मा और उपेन पर इस मामले में धोखाधड़ी करने का आरोप है।

यह जोड़ी फाइनल में पहुंचने वाले प्रतियोगियों में शामिल हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में प्रचार करने पहुंचे उपेन ने आईएएनएस से कहा, "आप ऐसी चुनौती में धोखा कैसे दे सकते हैं? यह ऐसी चुनौती नहीं जहां आप धोखा दे सकें?"

इधर, करिश्मा ने कहा, "यदि हमने धोखा किया होता तो हम जीत जाते, लेकिन हम जीते नहीं। ऐसे में धोखा देने और नहीं जीतने के बीच कोई तालमेल है क्या? हम एक जानी मानी जोड़ी हैं, इसलिए हमें निशाना बनाना आसान है।"

क्या वे 'नच बलिए 7' के निर्णायक प्रीति जिंटा, चेतन भगत और मर्जी पेस्तोनजी से खुश हैं।

उपेन ने कहा, "जब आप प्रतियोगिता में होते हैं तो आप कड़ी मेहनत करते हैं। आप प्रशंसा की उम्मीद भी करते हैं, जो कई बार आपको नहीं मिलती। लेकिन हम विनम्रता से इसे स्वीकार करते हैं, वे निर्णायक होते हैं। संभव है कि हम उनके विचारों से सहमत न हों, लेकिन हम उनसे परामर्श लेकर अपनी प्रस्तुति में सुधार की कोशिश करते हैं। यही वजह है कि फाइनल में पहुंचते हैं।"

शो का फिनाले 19 जुलाई को प्रसारित होगा।

End of content

No more pages to load