Bollywood News


अमिताभ बच्चन के बाद शाहिद कपूर ने किया क़ादर ख़ान की वापसी का स्वागत

अमिताभ बच्चन के बाद शाहिद कपूर ने किया क़ादर ख़ान की वापसी का स्वागत
कॉमेडी के बादशाह क़ादर ख़ान तकरीबन एक दशक बाद फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। उनकी वापसी को लेकर आम और खास सभी में उत्साह है। उनकी वापसी का स्वागत करने वालों में युवा दिलों की धड़कन शाहिद कपूर भी शामिल हो गए हैं।

हाल ही में शाहिद की फेसबुक वॉल पर एक प्रशंसक ने फिल्म निर्देशिका फ़ौज़िया अर्शी की 'होगया दिमाग़ का दही' फिल्म का क़ादर ख़ान के डायलॉग्स वाला वीडियो पेस्ट किया। इसके बाद शाहिद ने इस पोस्ट को लाइक करके उनकी फिल्मों में वापसी का स्वागत किया।

इससे पहले बॉलीवुड के शंहशाह अमिताभ बच्चन भी क़ादर खान की फिल्मों में वापसी पर ट्वीट करके अपनी खुशी का इज़हार कर चुके हैं।

गौरतलब है कि क़ादर खान और अमिताभ बच्चन की जोड़ी का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोलता था। क़ादर खान के डायलॉग्स और अमिताभ बच्चन की आवाज़ की जोड़ी को आजतक नहीं भूल पाए हैं।

इसके साथ ही क़ादर खान को पद्म श्री से नवाज़े जाने की मांग ने भी जोर पकड़ लिया है। फिल्म जगत की नामचीन हस्तियों के साथ-साथ आम जनता भी इस मांग का समर्थन कर रही है। फिल्म 'होगया दिमाग का दही' 16 अक्टूबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में क़ादर ख़ान के साथ ओम पुरी, राजपाल यादव, संजय मिश्रा और रज्जाक़ खान जैसे फिल्म जगत के जाने-माने कॉमेडियन हैं।

End of content

No more pages to load