Bollywood News


फिल्मों में आने को तैयार भाग्यश्री का बेटा

फिल्मों में आने को तैयार भाग्यश्री का बेटा
अभिनेत्री भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु अभिनेता बनने की तैयारी कर रहे हैं और जल्द ही वह फिल्म जगत के लोगों से मिलेंगे।

सूरज बड़जात्या की फिल्म 'मैंने प्यार किया' से हिन्दी फिल्मों में कदम रखने वाली भाग्यश्री ने इस बारे में खुद जानकारी दी। अपने दौर की बेहद सफल रही इस फिल्म में भाग्यश्री के साथ अभिनेता सलमान खान की जोड़ी थी, लेकिन वह नहीं चाहतीं कि उनके बेटे को सलमान लांच करें।

भाग्यश्री ने बुधवार को एमी बिलिमोरिया के उत्सव संग्रह के लांच मौके के दौरान इस बारे में पूछे जाने पर कहा, "उन्होंने सूरज पंचोली को लांच किया। इसे यहीं तक रहने दीजिये। अभिमन्यु फिल्मों में आने के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से मिलना शुरू नहीं किया है, वह जल्द ही ऐसा करेंगे।"

भाग्यश्री ने कहा कि वह सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं, जिसके जरिये सलमान एक बार फिर अपने किरदार के चर्चित नाम प्रेम के रूप में वापसी कर रहे हैं।

फिल्म 'मैंने प्यार किया' के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, "सलमान, सूरज और मैं बिल्कुल नए थे। हम तीनों की बहुत अच्छी दोस्ती हो गई थी। मेरे लिए फिल्म का सबसे अहम हिस्सा वह था, जब हमने शादी का सीक्वेंस शूट किया।"

End of content

No more pages to load