Bollywood News


आमिर खान की 'दंगल' में विलेन बनेंगे विवान भटेना

आमिर खान की 'दंगल' में विलेन बनेंगे विवान भटेना
आमिर खान की फिल्म 'दंगल' में टेलीविजन अभिनेता विवान भटेना नकारात्मक भूमिका में दिखाई देंगे। 37 वर्षीय विवान को अंतिम बार सलमान खान की होम प्रोडक्शन की फिल्म 'हीरो' में एक खलनायक की भूमिका में देखा गया था।

विवान ने कहा कि मैं दंगल में आमिर खान के साथ काम कर रहा हूं। इसमें मेरी नकारात्मक भूमिका है लेकिन इसके बारे में ज्यादा खुलासा नहीं कर सकता। मैंने आमिर के साथ एक सीन पूरा किया है और बहुत सारे सीन पूरे करने हैं। मैं एक पहलवान की भूमिका निभा रहा हूं जिसके लिए मुझे अपना वजन बढ़ाना है। मुझे अपना दस किलो वजन बढ़ाना है।

'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' और 'कुमकुम' जैसे धारावाहिकों में काम कर चुके विवान अपने काम को लेकर मिल रही प्रतिक्रिया से खुश हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे हीरो के लिए बहुत सराहना मिली। मैं आभारी हूं। आमिर ने 'कट्टी बटटी' में मेरे काम की तारीफ की जिससे मैं उत्साहित हूं। उम्मीद है कि आगे मुझे अच्छा काम मिलता रहेगा। मैं नकारात्मक हीरो की भूमिका करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं उसमें अपनी जगह बनाना चाहता हूं।

'चक दे इंडिया' के अभिनेता ने बताया कि वह निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी की अगली फिल्म 'भावेश जोशी' में भी नजर आने वाले थे लेकिन यह फिल्म कुछ समय के लिए रद्द हो गई।

End of content

No more pages to load