Bollywood News


पाकिस्तान से वीजा की पेशकश, लेकिन अब मेरे पास डेट्स नहीं : अनुपम

पाकिस्तान से वीजा की पेशकश, लेकिन अब मेरे पास डेट्स नहीं : अनुपम
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने बुधवार को कहा कि उन्हें पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने वीजा की पेशकश की है।

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अब उनके पास डेट्स नहीं हैं। अनुपम ने मंगलवार को कराची साहित्य उत्सव में शामिल होने के लिए पाकिस्तान की ओर से वीजा न दिए जाने दावा किया था। इसके एक दिन बाद यानी बुधवार को उन्हें पाकिस्तान ने वीजा की पेशकश की।

अनुपम ने नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित का वीजा की पेशकश के लिए ट्विटर पर शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, `कराची के लिए वीजा की पेशकश करने के लिए आपका शुक्रिया माननीय अब्दुल बासित। मैं इसकी सराहना करता हूं। दुर्भाग्य से अब मेरे पास इसके लिए डेट्स नहीं हैं।`

अभिनेता को शुक्रवार से शुरू होने जा रहे तीन दिवसीय कराची साहित्योत्सव में शामिल होना था। इस साहित्योत्सव में जाने वाले 18 में से 17 भारतीयों को वीजा मिल चुके हैं, केवल अनुपम को ही वीजा नहीं मिला।

पाकिस्तान उच्चायोग के एक राजनयिक ने बताया कि अभिनेता ने कराची की यात्रा के लिए वीजा संबंधी कोई आवेदन नहीं किया था।

अनुपम (60)ने इस स्पष्टीकरण को हास्यप्रद करार दिया और कहा कि हो सकता है कि उन्हें कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखने की वजह से वीजा न दिया गया हो।

End of content

No more pages to load