बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेद्र का जोश 80 साल की उम्र में भी बरकरार है। उनका कहना है कि वह कैमरे से दूर नहीं रह सकते और वह अपने बेटों सनी और बॉबी देओल के साथ एक और फिल्म बनाने के बारे में सोच रहे हैं। 'अपने' और 'यमला पगला दीवाना' जैसी फिल्मों में अपने बेटों के साथ पर्दे पर नजर आए धर्मेद्र से यह पूछे जाने पर कि क्या फिर से वह तीनों किसी फिल्म में साथ नजर आएंगे, उन्होंने कहा, `मैं कैमरे से दूर नहीं रह सकता।
सनी और बॉबी के साथ कुछ पटकथाओं पर विचार चल रहा है। उम्मीद है कि हम फिर से किसी अच्छी कहानी के साथ पर्दे पर साथ नजर आएंगे।`बेटे सनी की आगामी फिल्म 'घायल वन्स अगेन' के प्रचार के लिए आए धर्मेद्र ने कहा, `अगर हम तीनों साथ हैं और फिल्म की कहानी अच्छी है तो और किसी चीज की जरूरत नहीं है।` सनी द्वारा लिखित और निर्देशित 'घायल वन्स अगेन' का निर्माण धर्मेद्र ने किया है। फिल्म शुक्रवार को रिलीज होगी और इसमें सोहा अली खान भी नजर आएंगी।
कैमरे से दूर नहीं रह सकता : धर्मेंद्र
Saturday, February 06, 2016 08:30 IST



