असहिष्णुता वाला बयान शाहरुख खान का पीछा नहीं छोड़ रहा है। बुधवार को शाहरुख की फिल्म 'रईस' की शूटिंग रोकने की कोशिश कर रहे विहिप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। विहिप कार्यकर्ताओं ने शूटिंग की मंजूरी वापस लेने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया।
पुलिस ने बताया, 'विहिप कार्यकर्ता यहां से शूटिंग स्थल (भुज के बाहरी इलाके) पर जाना चाहते थे, लेकिन हमने उन्हें रोका और तितर-बितर कर दिया।' दरअसल, शाहरुख 'रईस' की शूटिंग के सिलसिले में आज शहर में थे।
विहिप महासचिव रणछोड़ भारवाद ने कहा, 'जहां वह रहते हैं, जहां उन्होंने नाम, शोहरत और पैसा कमाया, वहां अगर वह असहिष्णुता (जो कि है नहीं) पर बोलते रहेंगे, तो विहिप उन्हें कभी नहीं माफ करेगी।' उन्होंने कहा, 'आज खबर मिली कि पाकिस्तान में एक हिदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई। वहां की असहिष्णुता के बारे में वह क्यों नहीं बोल रहे?'
गत वर्ष दो नवंबर को उन्होंने कहा था, 'देश में असहिष्णुता बढ़ रही है। अगर मुझे कहा जाता है, तो एक प्रतीकात्मक रूप में मैं पुरस्कार लौटा सकता हूं। देश में तेजी से कट्टरता बढ़ रही है। भारत में कोई देशभक्त धर्मनिरपेक्षता के खिलाफ जाकर सबसे बड़ी गलती करता है। हम कितना भी विचारों की आजादी की बात कर लें, पर कुछ कहने पर लोग मेरे घर के बाहर आकर पत्थर फेंकने लग जाते हैं। लेकिन हां, अगर कभी किसी मुद्दे पर स्टैंड लेना होगा, तो मैं उस पर डटा रहूंगा।
भुज में शाहरुख की शूटिंग का विरोध
Saturday, February 06, 2016 20:30 IST


