फिल्म 'यारियां' से बॉलीवुड में कदम रखने जा रहीं अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह कहती हैं कि बॉलीवुड में बहुत कड़ी प्रतिस्पर्धा है। 'यारियां' से दिव्या खोसला कुमार भी बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत कर रही हैं। रकुल ने कहा, "यहां बहुत प्रतिस्पर्धा है। दक्षिण में भी प्रतिस्पर्धा है और वहां भी स्वयं को साबित करना मुश्किल है, लेकिन यह प्रतिस्पर्धा बॉलीवुड में कुछ हटकर है। यह सिर्फ आपका अभिनय कौशल बढ़ाती है।"
दिव्या की तारीफ करते हुए रकुल ने कहा कि निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म होने के बावजूद वह आत्मविश्वास से लबरेज हैं।
रकुल ने आईएएनएस को बताया, "जब उन्होंने मुझे फिल्म की कहानी सुनाई तो मैं हैरान थी। वह एक-एक पंक्ति और एक-एक दृश्य जानती थीं।"
दक्षिण में कुछ फिल्में कर चुकी इस अभिनेत्री ने कहा, "हमें कभी यह अहसास नहीं हुआ कि वह अपनी पहली फिल्म का निर्देशन कर रही हैं। उनमें बहुत आत्मविश्वास था। वह हर चीज में शामिल थीं फिर चाहे वह पृष्ठभूमि हो या परिधान हो।"
'यारियां' में हिमांश कोहली, सेराह सिंह, निकोल फारिया और अन्य कलाकार भी हैं।
बॉलीवुड में कड़ी प्रतिस्पर्धा : रकुल
Tuesday, December 31, 2013 13:57 IST


