Bollywood News


अनुष्का ने क्रूर बनने में मेरी मदद की: दर्शन

अनुष्का ने क्रूर बनने में मेरी मदद की: दर्शन
​अनुष्का शर्मा की पहली होम प्रोडक्शन फिल्म ​'​एन एच 10​'​ का ट्रेलर आ चुका है और ट्रेलर में क्रूरता की सारी हदें पार करते नज़र आ रहें दर्शनकुमार ना चाहते हुए भी काफी खतरनाक लग रहे हैं​।

विशेष रूप से फिल्म की नायिका अनुष्का शर्मा को अपनी हिंसा का शिकार बनाते नज़र आ रहे दर्शन कुमार खुद हैरान हैं कि इतने जटिल दृश्यों को उन्होंने आखिर निभाया कैसे? मज़े की बात यह है कि इसका श्रेय वह खुद को ना देते हुए अपनी को स्टार अनुष्का शर्मा को देते हैं​।

​ दर्शन ​ने फिल्म की शूटिंग के बारे में ज़िक्र करते हुए कहा, "सच पूछिए तो अपने किरदार सतबीर को फिल्म में एग्रेसिव दिखाने में मैं बहुत ज़्यादा सफल नहीं होता अगर अनुष्का ने मेरी मदद नहीं की होती​। फिल्म के अधिकतर दृश्यों में मुझे अनुष्का पर ज़ोर आज़माइश करते नज़र आना था​। ऐसे में अनुष्का ने जिस तरह खुद को मेरे सुपूर्द कर दिया था वह काबिले तारीफ है​।"

​उन्होंने आगे बताया, "​एक सीन में मुझे अनुष्का को बालों से पकडकर घसीटते हुए लाना था​। वह दृश्य आपने ट्रेलर में भी देखा होगा जब मैं उसे बालों से पकडकर लाता हूं और नीचे फेंक देता हूं​।​ उस दृश्य के दौरान सभी मुझसे कह रहे थे ​'​एक्शन सीन है​। थोडा ध्यान देना​, ध्यान देना​। अनुष्का को चोट ना आए​। सबकी बातें सुनकर मैं भी सकते में आ गया था ​इसीलिए ​ मैंने पूरी सावधानी बरती थी कि इस सीन के दौरान अनुष्का को कहीं कोई चोट ना आए​।"

​दर्शन ने आगे यह भी बताया, "​वह सीन फिल्माया गया और नवदीप सर के साथ सबने कहा कि यह सीन बहुत अच्छा हुआ है लेकिन अनुष्का उस सीन से संतुष्ट नहीं थी​। उन्होंने कहा कि वह यह सीन ​दोबारा करना चाहेंगी लेकिन इस बार मैं उनके बालों को पूरी मज़बूती से पकडकर खिंचूं और उन्हें पूरी ताक़त लगाकर नीचे फेंकूं, जिससे उनके चेहरे पर वही भाव आ सके जो इस दृश्य के लिए ज़रूरी है​। यह वाकई अनुष्का का ​बड़प्पन है कि उन्होंने मेरे एक्शन से भरपूर दृश्यों को और क्रूर बनाने में मेरी मदद की​।"

अनुष्का शर्मा के साथ दर्शन कुमार की बेमिसाल अदाकारी से सजी फिल्म ​'​एन एच 10​'​ पूरे भारत के सिनेमाघरों में 6 मार्च को रिलीज़ होगी​।​

End of content

No more pages to load